धौलपुर. राजस्थान सरकार पर नाकामी का आरोप लगाते हुए भाजपा ने शुक्रवार को धौलपुर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। जिला कलक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा। घेराव में पहुंचे अलवर सांसद बालकनाथ ने गहलोत सरकार पर तीखे हमले बोले और कई आरोप लगाए। साथ ही गहलोत को धर्म विशेष के लिए कार्य करने वाला बताते हुए उन्हें अशोक पठान के नाम से संबोधित कर डाला। धौलपुर में भाजपा की ओर से आयोजित कलेक्ट्रेट घेराव कार्यक्रम में बीजेपी जिला अध्यक्ष श्रवण वर्मा, अलवर सांसद बालक नाथ, सांसद सुखवीर जौनपुरिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता भार्गव वाटिका से रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
बालक नाथ ने कहा -गहलोत सरकार हर मोर्चे पर विफल
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर गहलोत सरकार विरोधी नारे लगाए। वक्ताओं ने रथ से ही कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर अलवर सांसद बालक नाथ ने कहा की गहलोत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। साढ़े चार साल तक उन्होंने कोई कार्य नहीं किया और अब महंगाई राहत कैंप के नाम से दुकान चला रही है। लेकिन दुकान में कोई सामान नहीं है।
धर्म विशेष के लोगों के लिए कार्य करने वाली सरकार
बालकनाथ ने कहा की वे गहलोत को अशोक पठान के नाम से भी संबोधित करते है। हिंदुओं के त्योहार पर धारा 144 सहित कई रोक लगाई जाती है। सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा की इस सरकार में एक्जामों के पेपर लीक हो रहे है जिससे युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है।
