नागौर. राजस्थान में पुलिस की ओर से शातिर अपराधियों को पकडऩे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब नागौर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर 205 बदमाशों को दबोचा लिया है। नागौर पुलिस की इस औचक और कार्रवाई से बदमाशों में हड़कंप मचा हुआ है। नागौर पुलिस की 60 टीमों ने 135 जगहों पर दबिशें देकर 205 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एसपी राममूर्ति जोशी के निर्देश पर नागौर पुलिस ने एक माह में चौथा बड़ा अभियान चलाया है। इन अभियानों में नागौर पुलिस 748 अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है। यह अभियान लगातार सात दिनों तक चलाया गया। इनमें पुलिस ने हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, नशे की तस्करी और अपहरण जैसे मामलों के वांछित तथा स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है।
94 अपराधियों ने पुलिस के खौफ से किया सरेंडर
अभियान के तहत नागौर जिले में 205 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही 94 अपराधियों ने पुलिस के खौफ से सरेंडर भी किया है। एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ का बीते एक माह में यह चौथा बड़ा अभियान चलाया गया है। अभियान के बाद कई बदमाशों ने सरेंडर भी किया है.
प्रदेश में चलाया जा रहा अभियान
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेश में पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए मेगा प्लान के तहत अभियान चला रही है। नागौर ही नहीं बल्कि राजधानी जयपुर और प्रदेश के अन्य जिलों में भी बदमाशों की इसी तरह से धरपकड़ हो रही है। इससे प्रदेश में अपराधी छिपने की जगह ढूंढते फिर रहे हैं। बहुत से बदमाशों ने पुलिस के डर से सरेंडर भी किया है। इस अभियान के तहत कई जगह बदमाशों से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।
