जयपुर. राजस्थान में मौसम के बदलाव का दौर फिर शुरू हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण शीतलहर की रफ्तार में कमी आई है। वहीं न्यूनतम तापमान में बढोतरी से लोगों को कड़ाके की सर्दी से कुछ राहत मिली है। गुरुवार को इसी के चलते ज्यादातर जिलों में ठंड का असर कम रहा। राजधानी जयपुर की बात करे तो यहां सर्दी का असर कम महसूस किया गया। लोगों ने दिन ढलने के साथ ही यहां तापमान में गिरावट के साथ सूकून महसूस किया। शाम को भी राजधानी का मौसम सामान्य ही रहा।
फतेहपुर में पारा जमाव बिंदु पर
राजस्थान के शेखावाटी अंचल की बात करे तो यहां मौसम सर्द ही रहा। फतेहपुर में लगातार पांच दिन तक जमाव बिन्दू से नीचे पारा रहा। कमोबेश चूरू में भी ऐसे ही हाल रहे। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र पर न्यूतनम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया। वहीं सीकर और चूरू में पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सिरोही में तापमान 5 डिग्री से अधिक रहा। माउंट आबू में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली।
चार दिन तक मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिन तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा । पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। प्रदेश में एक- दो स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है। गंगानगर और हनुमानगढ़ में बारिश के प्रबल आसार हैं। सीकर में भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से चलते बादल छाने लगे हैं। पश्चिमी विक्षोभ का असर चूरू में भी देखने को मिले हैं। यहां भी बादल छाए हुए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि एक दो दिन में मावठ पड़ सकती है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 22 से 26 जनवरी के दौरान सक्रिय होगा।
