उदयपुर. हुनर का कोई धर्म और जाति नहीं होती। एक तरफ अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य राम मंदिर बन रहा है वहीं दूसरी ओर राजस्थान के उदयपुर के एक मुस्लिम कलाकार ने कला का प्रयोग कर एक स्वर्ण सुसज्जित रामदरबार बनाया है। इसे देख हर कोई उनकी तारीफ करने से नहीं चूकता। उदयपुर के कलाकार वकार हुसैन ने क्रिस्टल ग्लास पर सुसज्जित स्वर्ण राम दरबार का मॉडल बनाकर सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की है। यह राम दरबार 24 कैरेट सोने से तैयार किया गया है। वकार हुसैन ने तकरीबन डेढ़ माह की मेहनत के बाद 24 कैरेट सोने का राम दरबार तैयार किया है। इसमें भगवान श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमान की प्रतिमाएं हैं। इस राम दरबार की साइज तकरीबन 3 फीट है और वजन 30 किलो है। स्वर्ण राम दरबार में लाइट एंड साउंड का भी अजब मिश्रण किया है।
पीएम नरेन्द्र मोदी को भेंट करना चाहते हैं यह राम दरबार
इसमें भगवान श्रीराम के चरण छूते ही भजन बजने शुरू हो जाते हैं। रामदरबार में एक खास सेंसर लगाया है। इसमें भगवान के चरणों के आगे इस सेंसर को जैसे ही छुएंगे उसके साथ ही श्री रामचंद्र कृपालु भजु मन, हरण भव भय दारुणम जैसे भजन बजना शुरू हो जाएंगे। वकार हुसैन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर यह स्वर्ण राम दरबार उन्हें भेंट करना चाहते हैं।
सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देने का प्रयास
वकार हुसैन का मानना है कि भगवान श्रीराम की कृपा जिन पर भी होती है उनके सभी काम अपने आप हो जाते हैं। बकौल वकार जिनके अंदर कपट, पाखंड और माया नहीं होती उन्हीं में भगवान श्रीराम निवास करते हैं। इसी मंशा के साथ बनाए गए। इस स्वर्ण राम दरबार से वकार हुसैन सांप्रदायिक सौहार्द का एक बेहतर संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी यह कलाकृति काफी चर्चा में है।
