जयपुर. कांग्रेस के वरिष्ठ और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी रविवार को सुबह से ट्विटर पर ट्रेंड कर रहे हैं। प्रदेश के हजारों लोग हैशटेग रामेश्वर डूडी को ट्वीट कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की दुआ कर रहे हैं। 60 वर्षीय डूडी को सुबह 9 बजे अचानक ब्रेन हैमरेज हो गया था। जिससे वे घर में गिर गए थे और परिजन उन्हे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई केन्द्रीय मंत्रियों और भाजपा कांग्रेस के कई नेताओं ने डूडी के स्वास्थ्य लाभ की कामना कर ट्वीट किया है। फिलहाल उनकी हालत में कोई सुधार नहीं बताया जा रहा।
खेती को उद्योग की तरह करने का आह्वान करते रहे हैं डूडी
आपको बता दें कि रामेश्वरलाल डूडी का जन्म 1 जुलाई 1963 में बीकानेर जिले के नोखा तहसील के बीरमसर गांव में हुआ था। बीकॉम की डिग्री के बाद डूडी ने राजनीति में कदम रखा। वे किसान नेता के साथ-साथ बिजनेसमैन भी हैं। वे होटल और माइन्स व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। वे किसानों से आह्वान करते रहते हैं कि वे खेती को उद्योग के रूप में करें, ताकि आय में कई गुना वृद्धि हो सके। डूडी ने सुशीला देवी के साथ शादी की है। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के रूप में पहचाने जाते हैं।
प्रधान से सीधे लोकसभा सांसद बने
वर्ष 1995 में वे पहली बार पंचायत समिति सदस्य बनकर प्रधान बने। डूडी कांग्रेस के सक्रिय नेताओं में अग्रणी थे। ऐसे में कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें सीधा लोकसभा चुनाव लडऩे का अवसर दिया। पंचायत समिति प्रधान रहने के दौरान ही वर्ष 1999 में उन्हें बीकानेर से लोकसभा चुनाव का टिकट देकर मैदान में उतारा गया। पहले लोकसभा चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की और वर्ष 2004 तक वे बीकानेर लोकसभा सीट से सासंद रहे। उन दिनों अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे।
ये भी पढ़ें: सर्जरी के बाद भी Former Leader of Opposition Rameshwar Dudi का हालत नाजुक, जानें लेटेस्ट अपडेट
वसुंधरा राजे के कार्यकाल में नेता प्रतिपक्ष रहे?
वर्ष 2013 के विधानसभा चुनावों में डूडी बीकानेर जिले की नौखा सीट से विधायक बने और वसुंधरा राजे के कार्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में रहे। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनावों में भी वे नोखा से कांग्रेस प्रत्याशी थे, लेकिन भाजपा के बिहारीलाल बिश्नोई के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
बड़ी वापसी की तैयारी में थे रामेश्वर डूडी
कुछ सालों पहले रामेश्वर डूडी और अशोक गहलोत के रिश्तों में खटास आ गई थी। डूडी ने गहलोत के बेटे के सामने आरसीए के चुनावों में ताल ठोकी थी। हालांकि आरसीए चुनावों में डूडी को हार का सामना करना पड़ा था। कुछ समय पहले ही गहलोत और डूडी के बीच की दूरियां समाप्त हुई थी। इसी साल 25 अप्रेल को डूडी ने बीकानेर के नोखा में विशाल किसान सम्मेलन का आयोजन किया जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। डूडी एक बार फिर धमाकेदार वापसी करने की तैयारी में लगे हैं। इसी बीच ब्रेन हेमरेज होने से उनके हजारों समर्थकों को बड़ा धक्का लगा है।
