जयपुर. राजस्थान में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे सुभाष महरिया ने कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। महरिया शुक्रवार को जयपुर में भाजपा मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में एक बार फिर बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के साथ बड़ी संख्या में महरिया के समर्थक भी मौजूद रहेंगे। महरिया ने भाजपा में शामिल होने से पूर्व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को अपना इस्तीफा भेजा है। यह इस्तीफा महरिया ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। जिसमें लिखा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार घोषणापत्र के वादे भूल चुकी है। ऐसे में प्रदेश का किसान और युवा खुद को ठगा महसूस कर रहा है।
खडग़े को पत्र में लिखा है कि मेरे द्वारा कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के पश्चात असंख्य कार्यकर्ताओं के साथ जमीनी स्तर पर जी-तोड़ मेहनत की गई। जिसके परिणाम स्वरूप सीकर में पिछले चुनाव में सभी 8 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी को सफलता प्राप्त हुई और प्रदेश में कांग्रेस नीत सरकार का गठन हुआ। हमारे द्वारा किसान व नौजवान को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर विश्वास दिलाने का प्रयास किया कि कांग्रेस नीत सरकार का गठन होने पर कांग्रेस पार्टी की ओर सेघोषणा पत्र में किए वादे शत प्रतिशत पूरे किए जाएंगे। साल 2019 में लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने एक भी समीक्षा बैठक आज तक नहीं की। वर्तमान में सत्तासीन कांग्रेस नीत सरकार घोषणापत्र के वादों को पूरी तरह से भुला चुकी है। प्रदेश में कर्ज माफी और बेरोजगारी के वादों पर भरोसा करके वोट देने वाला किसान व युवा खुद को ठगा महसूस कर रहा है। सीकर जिले में कांग्रेस पार्टी के जमीनी स्तर पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की घोर उपेक्षा की गई है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहकर काम करना मेरे लिए संभव नहीं है। इसलिए मैं पार्टी से इस्तीफा देता हूं।
