कोलंबो. 6 विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज की तूफानी गेंदबाजी ने रविवार को एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को 50 रन पर समेट दिया। श्रीलंका की टीम को आल आउट कर दिया। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की टीम ने 37 गेंद में ही ये लक्ष्य हासिल कर एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस तरह भारत ने 10 विकेट से जीत और 8वीं बार एशिया कप अपने नाम किया। सिराज ने कहर बरपाता हुआ स्पैल डालकर 7 ओवर में 21 रन देकर 6 विकेट चटकाने में कामयाबी हासिल की। जिससे श्रीलंका टीम की कमर ही टूट गई। भारत की यह वनडे में किसी भी टीम के खिलाफ सबसे बड़ी जीत रही। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत 2018 के बाद दूसरी बार एशिया का बॉस बना।
घरेलू मैदान पर दासुन श्नाका से हो गई बड़ी गलती
आपको बता दें कि ये मैच श्रीलंका के घरेलू मैदान पर हो रहा था। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। कप्तान दासुन श्नाका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रोहित शर्मा भी बैटिंग ही चाहते थे। इसी मैदान पर विराट कोहली और केएल राहुल ने पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 के मुकाबले में शतक जड़े थे, जबकि भारत 228 रनों से जीता था।
स्पिनरों की पिच पर छा गए भारतीय
हर किसी को लग रहा था कि गेंद स्पिनरों के लिए तो मददगार होगी, लेकिन 250 के आसपास रन बनेंगे। जैसे ही टॉस हुआ तो मौसम ने तुरंत खेल कर दिया। कुछ देर के लिए बारिश आई। मैच 3 बजे की बजाय 40 मिनट विलंब से शुरू हुआ। श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पहले जसप्रीत बुमराह और फिर सिराज और हार्दिक पंड्या के रूप में एक दूसरे ही तूफान का सामना करना पड़ा। उनकी गेंदबाजी के सामने श्रीलंका की टीम 15.2 ओवर ही टिक सकी जो भारत के खिलाफ वनडे में उनका दूसरा न्यूनतम स्कोर था।
मैदान को समझने से चूक गए श्नाका
अपने चाहने वालों के बीच श्रीलंकाई बल्लेबाजों की हवा टाइट हो गई। झमाझम बारिश के बाद जब विकेट गिरने शुरू हुए तो रुके ही नहीं। 5 बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए तो 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। इस पर गौर किया जाए तो श्रीलंकाई कप्तान ने वो गलती की, जिसे किसी को उम्मीद नहीं थी। हर कोई मैदान को समझने में चूका। भारत ने भी शार्दुल ठाकुर को बाहर कर वॉशिंगटन सुंदर को खिलाया था, लेकिन मैदान को तो कुछ और ही मंजूर था। मैदान पर सिराज की गेंद स्विंग कर रही थी। खासकर आउटस्विंग से उन्होंने हर किसी को चौंकाया। खैर, दासुन श्नाका ने वो गलती की और भारत को ताली में सजाकर एशिया कप का ताज पेश किया।
6.1 ओवर में जीता भारत
सुपर फोर चरण के आखिरी मैच में बांग्लादेश से हारने वाले भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 6.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। ईशान किशन 18 गेंद में तीन चौके के साथ 23 और शुभमन गिल 19 गेंद में छह चौके के साथ 27 रन बनाकर नाबाद रहे। विश्व कप से पहले भारतीय टीम अब आस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 सितंबर से तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी।
