जयपुर. पन्द्रहवीं राजस्थान विधानसभा के अष्टम सत्र में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने प्रश्न काल में तारांकित प्रश्नों को करने और उनके जबाव दिलाने में नई पहल की है। शुक्रवार को सदन में प्रश्न काल के दौरान मौजूद नहीं होने वाले पक्ष और प्रतिपक्ष विधायकों के तारांकित प्रश्न विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी ने स्वयं किये। अध्यक्ष डॉ. जोशी ने मंत्रिगण से पूरक प्रश्न भी किये।
डॉ. जोशी ने सदन में प्रश्न काल में प्रश्न क्रमांक निकलने के बाद आने वाले विधायकगणों को भी बाद में प्रश्न करने का मौका प्रदान किया। विधानसभा अध्यक्ष की इस नई पहल से तारांकित प्रश्नों की सूची में से सभी प्रश्नों के जवाब सदन में पेश हुए। डॉ. जोशी की प्रश्न काल की इस नई व्यवस्था की विधानसभा में चर्चा रही।अष्टम सत्र में लगभग प्रतिदिन ही प्रश्न काल में सभी तारांकित प्रश्नों पर चर्चा हो रही है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी समय के अनुरूप प्रश्नों पर सदन में चर्चा करा रहे है।