चूरू. प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस बार अपना जन्मदिन 4 मार्च को सिद्धपीठ सालासर धाम में मनाएंगी। इसको लेकर तैयारियां जोरों पर की जा रही है। राजे के जन्मदिन को लेकर प्रदेश की सियासत में भूचाल आया हुआ है। इसको लेकर पार्टी में भी हलचल मची हुई है। जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में हाड़ौती संभाग से भाजपा के कार्यकर्ता, राजे के समर्थक नेता सालासर पहुंचेंगे। उनके जन्मदिन की तैयारियां हाड़ौती संभाग में उनके समर्थकों ने शुरू की है। आपको बता दें कि वसुंधरा राजे का जन्मदिन 8 मार्च महिला दिवस के दिन होता है, लेकिन इस बार होली महापर्व को देखते हुए 4 मार्च को जन्मदिन मनाने का निर्णय किया गया है।
प्रहलाद गुंजल ने दी तैयारियों की जानकारी
पूर्व मुख्यमंत्री राजे जन्मदिन और देव दर्शन यात्रा में कोटा उत्तर विधानसभा से भी हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सालासर बालाजी जाएंगे। यह बात आज कोटा उत्तर पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कार्यकर्ताओं की एक बड़ी बैठक में कही। गुंजल ने कहा कि वसुंधरा राजे दो बार राजस्थान की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। लोकप्रिय नेता हैं, उनके जन्मदिन पर सालासर बालाजी में होने वाले भव्य कार्यक्रम में कोटा से भी हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सालासर बालाजी पहुंचेंगे।
2022 में बूंदी में मनाया था राजे ने जन्मदिन
उन्होंने कहा कि वसुंधरा का राजस्थान के साथ-साथ हाडौती से भी अत्यधिक लगाव रहा है। कार्यकर्ताओं में भी वसुंधरा राजे के जन्मदिन को लेकर काफी उत्साह नजर आ रहा है। वसुंधरा राजे के जन्मदिन इस बार सालासर में मनाने का निर्णय हुआ। पूरे राजस्थान से कार्यकर्ता 4 मार्च को सालासर पहुचेंगे। वसुंधरा राजे ने पिछले साल 2022 में अपना जन्मदिन बूंदी जिले के केशोरायपाटन में मनाया था।
शेखावाटी में भी राजनीतिक हलचल तेज
पूर्व मुख्यमंत्री के जन्मदिन को लेकर शेखावाटी की सियासत में भी हलचल तेज हो गई है। एक ओर जहां वसुंधरा गुट के नेता तैयारियों में जोर-जोर से जुटे हैं। वहीं दूसरी लोबी इस सारे माजरे पर नजर गड़ाए बैठे हैं। भाजपा के कई नेता तो दबी जुबान से ये कहते भी नजर आ रहे हैं कि ये पार्टी का कार्यक्रम नहीं है। यदि पार्टी कोई आदेश करती है तो वे इसमें शिरकत करेंगे और पार्टी की रीति-नीति के तहत कार्यक्रम में जाएंगे।
लक्ष्मणगढ़ की सभा का है काउंटर!
गौरतलब है कि भाजपा के नेताओं ने लक्ष्मणगढ़ में कांग्रेस के खिलाफ आगाज करते हुए सभा की थी। इस सभा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया मुखिया की भूमिका निभा रहे थे। इस सभा में भीड़ जुटाने में भाजपा नेता कोई खास असर नहीं छोड़ पाए थे। सियासी गलियारों में इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शेखावाटी के सालासर में ये सभा कर भाजपा की लक्ष्मणगढ़ की सभा का काउंटर पार्ट है। इस बात की चर्चा राजनीतिक गलियारों में जोरों पर है।