सारण/वैशाली. बिहार में कड़ाके की सर्दी का असर जोरों पर है। ऐसे में सर्दी से बचाव के लिए जैकेट की डिमांड भी तेजी के साथ बढ़ी है। जैकेट से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस खबर को पढ़कर आपके होश ही उड़ जाएंगे। ये मामला बिहार के छपरा के वैशाली जिले से जुड़ा है। जहां एक पति ने जैकेट की डिमांड पूरी नहीं होने पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मृतक का नाम रितिका कुमारी है जो छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मंगाईडीह गांव की रहने वाली थी। 8 माह पूर्व ही रितिका की शादी वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र स्थित काली चरण सिंह और बुलबुल सिंह से हुई थी। मृतक के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की डिमांड कर रितिका को प्रताडि़त किया जा रहा था।
परिजनों के अनुसार रितिका की हत्या के 2 दिन पहले जैकेट के लिए उसे प्रताडि़त किया था जिसकी सूचना उसने मां को दी थी। इस संबंध में ससुराल वालों के खिलाफ वैशाली जिले के देसरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। दर्ज कराई एफआईआर में मृतका की मां और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मगाईडीह गांव निवासी अनीता देवी ने बताया कि उन्होंने पुत्री की शादी हिंदू रीति रिवाज से 2 मई 2022 को वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र के पानापुर रघुनाथ गांव निवासी भोला सिंह के पुत्र कालीचरण सिंह उर्फ बुलबुल सिंह से की थी।
किया जा रहा था प्रताडि़त
परिजनों के अनुसार शादी के समय से ही चार पहिया वाहन और अन्य सामान के लिए उनके पुत्री को प्रताडि़त किया जा रहा था। यहां तक की पुत्री कोई बात घर तक नहीं पहुंचा पाए इसके लिए मोबाइल का सिम नंबर तक चेंज कर दिया था। 2 जनवरी 2023 को अचानक 7:30 बजे सुबह में ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि आपकी बेटी का तबीयत खराब हो गई है। जबकि हकीकत यह थी कि दामाद और घर के अन्य सदस्यों ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। मृतका की मां ने बताया कि इस बात का प्रमाण गले पर दाग और मेडिकल टीम के द्वारा मौके पर बताया जाना है। पुलिस ने भी प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला माना है, क्योंकि गले पर दाग स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
इनको बनाया आरोपी
मृतका की मां अनीता देवी ने दामाद कालीचरण समेत सास किरण देवी और ननद काजल कुमारी और गुडिय़ा कुमारी को आरोपी बनाया है। अनीता देवी ने यह भी बताया कि उनकी पुत्री की हत्या किए जाने के एक-दो दिन पहले ही जैकेट को लेकर भी दमाद की ओर से प्रताडि़त किया गया था। मृतका की मां ने ससुराल वालों को कड़ी सजा देने की पुलिस प्रशासन से मांग की है। पिता नरेंद्र कुमार सिंह और भाई आर्यन कुमार सिंह ने भी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है और सारण पुलिस प्रशासन से भी न्याय दिलाने की अपील की है। गौरतलब है कि लड़की की मां ने वैशाली जिले के देसरी थाना में ही एफआईआर दर्ज कराई है और इसमें दामाद कालीचरण की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। अन्य 3 आरोपियों की गिरफ्तारी होनी बाकी है।
