जालोर. राजस्थान के जालोर जिले के आहोर थाना इलाके में एक युवक की निर्मम हत्या से बवाल मच गया। यहां पादरली में बुधवार शाम एक युवक की हत्या हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया। उधर, देर रात शव को कब्जे में लेकर आहोर मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस के मुताबिक पादरली में माताजी मंदिर के निकट यह वारदात हुई। सड़क पर बुधवार शाम को पादरली के रहने वाले किशोर सिंह की हत्या कर दी गई। आरोपी पादरली का ही रहने वाला सांकलाराम पुत्र खीमाराम भील था। उसने किशोर सिंह के पीछे से धारदार हथियार से वार किया। इस हमले में 23 वर्षीय राजपूत युवक की मौत हो गई। आरोपी हमलावर ने किशोर सिंह की गरदन पर इतने वर किये कि सिर धड़ से अलग हो गया। आरोपी ने सिर को उठाकर दूसरी जगह पटक दिया। इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई।
सनसनीखेज वारदात के बाद हड़कंप
इस वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने आरोपी के पूरे परिवार को गिरफ्तार करने की मांग रखी। देर रात को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हमले में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया। शव कब्जे में लेकर आहोर मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस उप अधीक्षक रतन देवासी ने बताया कि मृतक के विरुद्ध नकबजनी के कुछ प्रकरण दर्ज थे।
जालोर में इंटरनेट सेवाएं बंद की
पादरली गांव जालोर जिले की सीमा पर तखतगढ़ के नजदीक है। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। देर रात तक शव नहीं उठाया गया। इस कारण जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने इंटरनेट सेवाएं बंद करवा दी। उन्होंने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील भी की है। पुलिस अधीक्षक किरण कंग सिधु ने भी अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वारदात में काम आया हथियार भी बरामद कर कार्रवाई की जा रही है। देर रात को मौके से शव उठाने पर सहमति बन गई थी।
